PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर (देहरादून): उत्तराखंड को ‘ड्रग्स फ्री’ बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशों के तहत सहसपुर पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने खुशहालपुर क्षेत्र से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से भारी मात्रा में अवैध हैरोइन बरामद की गई है।
चेकिंग के दौरान धरी गई महिला तस्कर
जानकारी के अनुसार, कोतवाली सहसपुर प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम बुधवार (25 मार्च 2026) को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान खुशहालपुर इलाके में एक महिला की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसे रोका गया। तलाशी लेने पर महिला के कब्जे से 7.53 ग्राम अवैध हैरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद नशीले पदार्थ की कीमत लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी जा रही है।
पति की पैरवी के लिए उतरी अपराध की दुनिया में
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त महिला, जिसकी पहचान शबनम (34 वर्ष) पत्नी मुंतजिर के रूप में हुई है, ने चौंकाने वाले खुलासे किए। शबनम ने बताया कि उसका पति मुंतजिर एक शातिर अपराधी है, जो गोकशी, चोरी और नशे की तस्करी जैसे मामलों में कई बार जेल जा चुका है।
”शबनम ने कबूल किया कि जेल में बंद अपने पति के मुकदमों और वकील की फीस भरने के लिए उसने नशा तस्करी का रास्ता चुना। वह आसपास के तस्करों से सस्ते दामों पर नशा खरीदकर उसे ऊंचे दामों पर फुटकर ग्राहकों को बेचती थी।”
नेटवर्क पर पुलिस की टेढ़ी नजर
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शबनम के खिलाफ मु0अ0सं0 62/2026 धारा 8/21/29 NDPS Act के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पूछताछ में महिला ने इलाके के कई अन्य नशा तस्करों के नामों का भी खुलासा किया है। पुलिस अब इन नामों के आधार पर धारा 29 NDPS एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है। अभियुक्त का पिछला आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:
नशे के खिलाफ इस सफल अभियान में विकास रावत (वरिष्ठ उप-निरीक्षक, अरविंद कुमार (अतिरिक्त उप-निरीक्षक),कांस्टेबल विकास कुमार,महिला कांस्टेबल रुचि शामिल थे ।

