PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखंड को ‘ड्रग्स फ्री’ बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशों के तहत पुलिस नशे के सौदागरों पर कहर बनकर टूट रही है। इसी क्रम में कोतवाली सहसपुर पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जिसके पास से लाखों रुपये की अवैध स्मैक बरामद हुई है।
हनुमान मंदिर के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहसपुर के नेतृत्व में गठित टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए आकस्मिक चेकिंग अभियान चला रही थी। चेकिंग के दौरान होरावाला रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रोककर तलाशी ली, तो उसके पास से 6.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई । पकड़ा गया अभियुक्त है ‘हिस्ट्रीशीटर’
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान राकिब पुत्र उम्रद्दीन (32 वर्ष), निवासी रेडापुर ढाकी, सहसपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि राकिब एक शातिर अपराधी है और पहले भी नशे की तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं:
वर्ष 2022: थाना सहसपुर में धारा 8/21/60 NDPS एक्ट।
वर्ष 2024: थाना सहसपुर में धारा 8/20 NDPS एक्ट।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2,00,000 रुपये है। अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली सहसपुर में मु0अ0सं0- 57/2026 धारा 8/21 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम मे उ0नि0 राजीव धारीवाल,अपर उप निरीक्षक अरविन्द कुमार, हेड कानि0 डबल सिंह,कानि0 राजवीर
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे का कारोबार हो रहा है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि युवा पीढ़ी को इस दलदल से बचाया जा सके।

