PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर-देहरादून मार्ग पर सहसपुर में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कपिल मिष्ठान भंडार के समीप ओवरटेक करने के प्रयास में एक स्कूटी और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात लगभग 10:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि एक वाहन चालक आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी सामने से आ रहे दूसरे वाहन से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।
ग्रामीणों ने पेश की मानवता की मिसाल
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता का फर्ज निभाते हुए राहत कार्य शुरू किया। बिना समय गंवाए ग्रामीणों ने घायलों को संभाला और निजी वाहनों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सहसपुर पहुँचाया। ग्रामीणों की इस त्वरित सक्रियता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
घायलों की स्थिति
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों के अनुसार, दोनों युवकों को काफी गंभीर चोटें आई हैं। जिनक प्राथमिक उपचार किया जा रहा है । फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस घायलों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
PACHWADUN MEDIA .COM की रात्रि में वाहन चलाने वालों से अपील है कि रात के समय सड़कों पर दृश्यता कम होती है, ओवरटेक करते समय सावधानी बरतें और गति सीमा का पालन करें।


