PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर पुलिस ने कालसी के उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) के साथ अभद्रता, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया है।

क्या था पूरा मामला?
घटना बीते 27 फरवरी 2026 की है। कालसी चकराता वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी राजीव नयन नौटियाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उस दिन शाम करीब 5:30 बजे वे अपने कार्यालय से लौट रहे थे। हरिपुर पार करने के बाद बाडवाला क्षेत्र में यमुना नदी की ओर जा रहे एक संदिग्ध डम्पर को देखकर उन्होंने उसकी वीडियो बनानी शुरू की।
इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने वन अधिकारी का हिंसक विरोध किया। आरोप है कि विपक्षियों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि सरकारी कार्य में व्यवधान भी उत्पन्न किया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
तहरीर के आधार पर कोतवाली विकासनगर में विपक्षीगणों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 121(1), 132, 191(2), 324(2), 352 BNS मुकदमा अपराध संख्या 59/2026 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है ।
विवेचना के दौरान पुलिस ने वायरल वीडियो का बारीकी से अवलोकन किया, जिसके आधार पर दो मुख्य आरोपियों की पहचान की गई। 10 मार्च 2026 को पुलिस ने दबिश देकर मनीष चौहान (उम्र 23 वर्ष), निवासी- बाडवाला, विकासनगर। अरुण चौहान (उम्र 30 वर्ष), निवासी- कोटी इच्छाड़ी, थाना कालसी। को गिरफतार कर लिया ।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि वीडियो में दिख रहे अन्य उपद्रवियों की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सरकारी अधिकारी पर हमला करने और कानून व्यवस्था हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

