PACHWADUN MEDIA.COM
राजधानी के क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र में शनिवार को महिला अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए (MCA) प्रथम वर्ष के छात्र ने अपनी ही दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका उपचार दून अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
विवाद की वजह: शक और एकतरफा शादी का दबाव
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोपी उदय सिंह उर्फ विशु (21), जो मूल रूप से मेरठ (जागृति विहार) का निवासी है, देहरादून के ओगल भट्टा में किराए पर रहता है। उदय और पीड़ित युवती एक ही संस्थान में पढ़ते हैं और सितंबर 2025 से एक-दूसरे के संपर्क में थे। आरोपी युवती पर शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन इसी बीच उसे शक हुआ कि युवती किसी अन्य युवक से बातचीत करती है। शनिवार (7 मार्च) को इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर उदय ने पास रखे चाकू से युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। संघर्ष के दौरान आरोपी को भी मामूली चोटें आईं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना के बाद पीड़ित युवती के पिता, कृष्ण चंद्र वर्मा (निवासी आदर्श विहार, रायपुर रोड), ने क्लेमेंटाउन थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
क्लेमेंटाउन पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी उदय सिंह को दून अस्पताल परिसर से ही दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कमरे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस धारा: BNS की धारा 109(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। घायल छात्रा की हालत पर डॉक्टर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।


