PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर। आगामी होली पर्व और पवित्र रमजान माह के दृष्टिगत आज कोतवाली सहसपुर परिसर में शांति समिति (पीस कमेटी) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, धार्मिक गुरुओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की।

आपसी तालमेल पर जोर
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित सभी नागरिकों से अपील की कि वे त्योहारों के दौरान आपसी प्रेम, भाईचारा और समन्वय बनाए रखें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की आड़ में हुड़दंग करने वालों और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सभी समुदायों से त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया गया।
असामाजिक तत्वों पर नजर: क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। वक्ताओं ने कहा कि सहसपुर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है और इस बार भी सभी मिलकर एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाएंगे।
अधिकारियों ने अंत में कहा कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। सभी ने एक स्वर में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया ताकि दोनों बड़े त्योहार हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो सके ।

