पछवादून मीडिया संवाददाता, सेलाकुई
उत्तराखंड पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध छेड़ी गई जंग “ऑपरेशन क्रैक डाउन” के तहत देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों का पालन करते हुए सेलाकुई पुलिस ने न केवल एक तस्कर को भारी मात्रा में गांजे के साथ दबोचा, बल्कि नशाखोरी के अड्डों के रूप में इस्तेमाल हो रहे अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया।

शिवनगर बस्ती में पुलिस की औचक छापेमारी
गुरुवार को थानाध्यक्ष पी.डी. भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम और संबंधित मजिस्ट्रेट ने शिवनगर बस्ती में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय निवासियों से फीडबैक लिया, जिसमें नशे के अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि हुई। कार्रवाई के दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
डेढ़ किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने रजनीश साहनी (उम्र 22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1.5 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में युवाओं को नशा परोसने का काम कर रहा था। आरोपी के खिलाफ थाना सेलाकुई में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
अवैध निर्माणों का ध्वस्तीकरण
पुलिस और प्रशासन ने केवल गिरफ्तारी तक ही सीमित न रहकर, उन स्थानों पर भी कड़ा प्रहार किया जहाँ नशाखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। अभियान के दौरान क्षेत्र में बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इन स्थानों का उपयोग असामाजिक तत्वों द्वारा नशे के अड्डे के रूप में किया जा रहा था।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस सफल ऑपरेशन में निम्नलिखित अधिकारियों व कर्मियों की मुख्य भूमिका रही:
नेतृत्व: उ0नि0 पी0डी0 भट्ट (थानाध्यक्ष सेलाकुई)
टीम सदस्य: व0उ0नि0 कुलदीप शाह, उ0नि0 समर सिंह, म0उ0नि0 मीना रावत।
आरक्षी: म0कां0 करिश्मा, कां0 सोहन, कां0 फरमान।
पुलिस की अपील: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जनता से अपील की गई है कि यदि उनके आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या नशा तस्करी हो रही हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

