पछवादून मीडिया संवाददाता,विकासनगर।
पछुवादून क्षेत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने मंगलवार को सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर छह स्कूल वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया, जबकि कुल 54 वाहनों के चालान काटे गए।

अभियान का नेतृत्व एआरटीओ अनिल सिंह नेगी ने किया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 11 स्कूल बसें और वैन निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित होती पाई गईं। कई वाहनों की खिड़कियों पर सुरक्षा ग्रिल नहीं लगी थीं, जो बच्चों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। इसके अलावा अधिकांश वाहनों में छात्र ही कंडक्टर की भूमिका निभाते मिले, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
जांच में यह भी सामने आया कि कई स्कूल वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, महिला अटेंडेंट और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी अनिवार्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। कुछ वाहनों में ओवरलोडिंग भी पाई गई, जिससे बच्चों की जान को खतरा हो सकता है।
एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने संकेत दिए हैं कि ऐसे सघन अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में संचालित सभी स्कूल वाहन सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित हों और बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

