पछवादून मीडिया संवाददाता,सहसपुर।
शनिवार को पोंटा-देहरादून नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम शेरपुर के पास सड़क किनारे खड़े एक खराब डंपर से अनियंत्रित होकर टकराने के कारण एक मोटरसाइकिल सवार युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान डोईवाला क्षेत्र के बद्री फॉर्म निवासी के रूप में हुई है।

कैसे हुआ हादसा?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को कोतवाली सहसपुर को ‘112’ के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम शेरपुर के पास एक भीषण दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही सभावाला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मोटरसाइकिल (संख्या UK07 DY 1638) एक डंपर (संख्या UK 07CB 9040) के पिछले हिस्से से टकराई हुई थी। बताया जा रहा है कि डंपर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था, जिसे मोटरसाइकिल सवार देख नहीं पाया और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
दुर्घटना के तुरंत बाद घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से ग्राफिक एरा अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने मृतक की शिनाख्त की।
मृतक का विवरण
बृजेश कुमार उम्र 32 वर्ष, पुत्र रामदास, निवासी बद्री फॉर्म, डोईवाला, देहरादून ।
पुलिस की कार्रवाई: थाना पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डंपर और दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

