पछवादून मीडिया संवाददाता, सहसपुर ।
देहरादून ग्रामीण के सहसपुर क्षेत्र में शनिवार को आयोजित भव्य रेशम कृषि मेले का उद्घाटन उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा किया गया। मेले में बड़ी संख्या में किसान, उद्यमी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान रेशम उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने लाभार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया गया।

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि रेशम कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। रेशम उत्पादन जैसी गतिविधियां न केवल अतिरिक्त आय का स्रोत बन रही हैं, बल्कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रही हैं।

कार्यक्रम में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि रेशम कृषि जैसे स्वरोजगार आधारित प्रयास क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे किसानों और युवाओं तक पहुंच रहा है, जिससे आत्मनिर्भर उत्तराखंड का संकल्प साकार हो रहा है।

इस दौरान जिला अध्यक्ष मीता सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वक्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को तेजी से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।


