पछवादून मीडिया संवाददाता,सहसपुर ।
मंगलवार को सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने अपनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राघव विहार, ट्यूबवेल रोड एवं अलकनंदा एनक्लेव क्षेत्रों में व्याप्त जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर एक अहम बैठक का आयोजन किया। बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और उन्होंने पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क, जल निकासी सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।
बैठक के दौरान विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जनसमस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति से अवगत कराएं।
बैठक में सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता (AE) संजीव कुमार, लोक निर्माण विभाग (PWD) के AE प्रवीण सक्सेना, JE निर्मल कुमार, विद्युत विभाग के SDO कमल सिंह, JE पूजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु शीघ्र कार्रवाई की जाएगी और जहां आवश्यक होगा, वहां स्थलीय निरीक्षण कर कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
इस अवसर पर पार्षद अनिल नौटियाल, दर्शन सिंह रावत, हंसा धामी, राधा तिवारी, के. एस. धामी, बलवंत रावत, संजना गुंसाई सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने समस्याओं को सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने और उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल करने पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर का आभार व्यक्त किया।

विधायक ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह की बैठकों के माध्यम से जनसंवाद को मजबूत किया जाएगा, ताकि हर नागरिक को समय पर राहत मिल सके।

