पछवादून मीडिया संवाददाता, विकासनगर
03 फरवरी 2026-देहरादून के त्यूणी क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश के नेरवा–चौपाल से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एचआरटीसी) की बस हरिपुर क्वानू–मीनस मार्ग पर क्वानू के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में अब तक चालक सहित चार यात्रियों की मौत की सूचना है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालने में मदद की।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को त्यूणी और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण बस का अनियंत्रित होना माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। संकरी और घुमावदार पहाड़ी सड़क होने के कारण यह मार्ग पहले भी हादसों के लिए संवेदनशील रहा है ।
मृतकों का विवरण:-
1- यास्मीन बेगम पत्नी नेक मोहम्मद उम्र 46 वर्ष ग्राम – क्यारला नेरवा , हिमाचल प्रदेश
2- रिचा पत्नी बिरेंद्र उम्र 30 वर्ष, ग्राम- विज़मल, नेरवा हिप्र
3- धन बहादुर, ग्राम क्यारला नेरवा हिप्र
4- दिनेश कुमार पुत्र मोहन सिंह उम्र 54 वर्ष ग्राम चोपाल , शिमला (बस चालक)

