पछवादून मीडिया संवाददाता,कालसी ।
देहरादून जनपद के कालसी थाना क्षेत्र अंतर्गत आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चकराता की वादियों से घूमकर वापस दिल्ली लौट रहे पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 15 वर्षीय एक किशोर की मौके पर ही दुखद मृत्यु हो गई, जबकि 5 अन्य लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सहिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का विवरण:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सिटी कंट्रोल रूम देहरादून को सूचना मिली कि कालसी क्षेत्र में लालपुल (सहिया) के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही थाना कालसी पुलिस तत्काल राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और खाई से घायलों व मृतक को बाहर निकाला। दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर DL 8CBE 9132 है। कार सवारों ने पुलिस को बताया कि वे सभी चकराता से घूमकर वापस अपने घर (पुरानी दिल्ली) जा रहे थे, तभी लालपुल के पास उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और नीचे खाई में समा गई।
राहत एवं बचाव कार्य:
पुलिस और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को निजी वाहनों की मदद से तुरंत सरकारी अस्पताल सहिया भिजवाया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी विकास नगर भिजवा दिया गया है, जहां पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हताहतों की सूची (सभी निवासी: संत नगर, पुरानी दिल्ली)
मृतक:
वंश चावला (उम्र 15 वर्ष) पुत्र तरुण चावला।
घायल:
लीना कपूर (उम्र 44 वर्ष) पत्नी विशाल कपूर।
शौर्य कपूर (उम्र 17 वर्ष) पुत्र विशाल कपूर।
सुवाग्य कपूर (उम्र 10 वर्ष) पुत्र विशाल कपूर।
हेमा चावला (उम्र 41 वर्ष) पत्नी तरुण चावला।
मोहित कपूर (उम्र 33 वर्ष) पुत्र दर्शन कपूर।
सभी पीड़ित एक ही परिवार या परिचित बताए जा रहे हैं, जो दिल्ली के 3411/89 संत नगर के निवासी हैं। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले में अग्रिम कार्यवाही जारी है।

