पछवादून संवाददाता, सहसपुर ।
सहसपुर विद्युत वितरण केन्द्र अंतर्गत रविवार को मरम्मत कार्य के चलते दोपहर से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। कड़ाके की ठंड और सूर्य देव के बिगड़े मिजाज के बीच बिजली गुल होने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। ठंड से बचाव के लिए बिजली पर निर्भर हीटर, ब्लोअर व अन्य उपकरण बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण विद्युत चालित व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह ठप हो गए। दुकानदारों, छोटे उद्योगों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी रोजमर्रा के कार्यों में दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
इस संबंध में विद्युत वितरण केन्द्र सहसपुर के अवर अभियंता केएस चौहान ने बताया कि केन्द्र में पुराने पैनलों को बदलने का कार्य किया गया है। नए पैनलों को रिचार्ज व तकनीकी रूप से सुचारू करने की प्रक्रिया के चलते अस्थायी रूप से विद्युत आपूर्ति बाधित करनी पड़ी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही शाम पांच से छह बजे के बीच विद्युत आपूर्ति पुनः सुचारू कर दी जाएगी।
विभाग की ओर से उपभोक्ताओं से असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने भविष्य में इस प्रकार की कटौती की पूर्व सूचना देने की मांग की है, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

