पछवादून संवाददाता, देहरादून।
आज दिनांक 29 दिसंबर 2025 को पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्त मुख्य आरक्षी दिनेश सिंह नेगी ( स्व० श्री नेगी सहसपुर थाने में भी अपनी सेवाएं दे चुके है।) का आकस्मिक निधन हो गया। वे लंबे समय से ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित थे और उनका उपचार देहरादून स्थित महंत इंद्रेश अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान आज उन्होंने अंतिम सांस ली।
मुख्य आरक्षी दिनेश सिंह नेगी के आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। एसएसपी देहरादून ने दिवंगत के शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और ईश्वर से इस दुःख की घड़ी में परिवार को धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की।
दिवंगत दिनेश सिंह नेगी मूल रूप से जनपद पौड़ी गढ़वाल के निवासी थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे—दो पुत्रियां एवं एक पुत्र—हैं। वे वर्तमान में अपने परिवार के साथ देहरादून में निवास कर रहे थे। दिनेश सिंह नेगी को 22 दिसंबर 2025 को गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के चलते महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान आज उनका निधन हो गया।
दिनेश सिंह नेगी ने वर्ष 2001 में आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में सेवा प्रारंभ की थी। अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के बल पर उन्होंने वर्ष 2022 में मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति प्राप्त की। अपने सेवाकाल के दौरान वे एक समर्पित और कर्मठ पुलिसकर्मी के रूप में जाने जाते रहे।
उनके आकस्मिक निधन से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा पुलिस महकमा शोकाकुल है। विभागीय अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

