पछवादून संवाददाता, मुजफफरनगर ।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। शहर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित वंसुधरा रेजीडेंसी में एक दो मंज़िला मकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिसके बाद लगातार दो सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। इस हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब पांच बजे की है। मकान से अचानक धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले कि कोई मदद पहुंच पाती, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले मकान में आग लगी और कुछ ही देर बाद रसोई में रखे गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद दूसरा सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया, जिससे पूरा मकान आग की लपटों में घिर गया।
हादसे में मृतकों की पहचान कानूनगो अमित गौड, उनकी मां सुशीला और छोटे भाई नितिन के रूप में हुई है। तीनों आग की चपेट में आकर बाहर नहीं निकल सके और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, परिवार की रिचा, अक्षिका, आराध्या और नोनी आग से झुलस गए, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद जले हुए मकान से तीनों शवों को बाहर निकाला गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सिलेंडर लीकेज के बाद आग लगने और ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
प्रशासन की ओर से झुलसे घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने और घटना की विस्तृत जांच कराने की बात कही गई

