पछवादून संवाददाता,देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिपुरा के छात्र स्वर्गीय एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बातचीत कर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एंजेल चकमा की निर्मम हत्या के दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी और इस मामले में कोई भी आरोपी कानून से नहीं बच पाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी के नेपाल भाग जाने की सूचना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि फरार आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरी प्रदेश सरकार परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठा रही है और मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा और किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एंजेल चकमा को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस संवेदनशील मामले को लेकर प्रदेश में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं मुख्यमंत्री के आश्वासन से पीड़ित परिवार को कुछ संबल मिला है।

