पछवादून मीडिया संवाददाता,सेलाकुई ।
सेलाकुई थाना क्षेत्र के अंतर्गत बहादुरपुर में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब दो दिन से लापता एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक कमरे के भीतर फंदे से लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान मधु विहार निवासी रोहित नेगी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधु विहार निवासी दीपक नेगी ने आज (16 जनवरी) पुलिस को टेलीफोन के जरिए सूचना दी कि उनका भाई रोहित नेगी दिनांक 14 जनवरी 2026 की शाम को लापता हो गया था। परिजनों के मुताबिक, रोहित 14 जनवरी की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच घर से अपनी कंपनी (काम) के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
बहादुरपुर पानी की टंकी के पास मिला शव
आज परिजनों को सूचना मिली कि रोहित का शव बहादुरपुर स्थित पानी की टंकी के पास बने एक कमरे में मौजूद है। मौके पर जाकर देखा गया तो शव संदिग्ध अवस्था में लटका हुआ था। इस दृश्य को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सेलाकुई थानाध्यक्ष तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने तुरंत एफएसएल (FSL) और फील्ड यूनिट की टीम को भी मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और बारीकी से मुआयना किया है।
जांच जारी
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

