पछवादून मीडिया संवादाता, विकासनगर ।
महिला सुरक्षा को लेकर दून पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले अभियुक्त को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामला कोतवाली विकासनगर क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे दबोचने में सफलता पाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10/01/2026 को विकासनगर निवासी एक युवती ने कोतवाली विकासनगर पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। युवती ने बताया कि उसकी ढकरानी निवासी शहबाज नामक युवक से जान-पहचान थी और दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रहती थी। आरोप है कि अभियुक्त शहबाज ने आपसी बातचीत की रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी देकर युवती की इच्छा के विरुद्ध उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार, दिनांक 10/01/2026 को अभियुक्त उसे चाय बागान, विकासनगर में मिलने के लिए ले गया, जहां उसने अश्लील हरकतें कीं। युवती द्वारा शोर मचाने पर अभियुक्त ने उसे जान से मारने और कॉल रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी तथा मौके से फरार हो गया।
युवती की तहरीर के आधार पर कोतवाली विकासनगर में अभियुक्त शहबाज के विरुद्ध मु0अ0सं0- 10/2026, धारा 64/351(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सुरागरसी–पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र एवं सर्विलांस की मदद से कार्रवाई की और अभियुक्त शहबाज पुत्र दिलशाद, निवासी वार्ड नं. 12, ढकरानी, कोतवाली विकासनगर, जिला देहरादून, उम्र 22 वर्ष को गुडरिच, विकासनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला अपराधों के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और पीड़िताओं को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
शहबाज पुत्र दिलशाद, निवासी वार्ड नं. 12, ढकरानी, कोतवाली विकासनगर, जिला देहरादून, उम्र 22 वर्ष
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
म0उ0नि0 रुबी मोर्य
हे0कानि0 मनोज
कानि0 लोकेन्द्र सिंह

