PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर स्थित टीचर कॉलोनी में निर्माणाधीन शिव शक्ति मंदिर के प्रांगण में आज भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर निर्माण के पावन संकल्प के साथ समिति द्वारा सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की।
भक्तिमय हुआ वातावरण
सुंदरकांड के सस्वर पाठ से पूरी टीचर कॉलोनी भक्तिमय हो गई। स्थानीय निवासियों और भक्तों ने हनुमान जी की महिमा का गुणगान किया और मंदिर के निर्बाध निर्माण की कामना की। पाठ के उपरांत विधिवत आरती की गई और उपस्थित जनसमूह को प्रसाद वितरित किया गया।
सहयोग की मार्मिक अपील
इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के समस्त सनातनी प्रेमियों और धर्मानुरागियों से एक विशेष अपील की। समिति ने कहा कि मंदिर का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है और इसे भव्य रूप देने के लिए समाज के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।
”यह मंदिर सभी की आस्था का केंद्र है। सभी भक्तजन अपनी सामर्थ्य अनुसार तन, मन और धन से इस पुनीत कार्य में सहयोग करें, ताकि मंदिर निर्माण का कार्य शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण हो सके और भगवान शिव व शक्ति का यह धाम क्षेत्र के लिए गौरव बने।”
कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्ध जन
धार्मिक आयोजन में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें मुख्य रूप से शामिल रहे, अध्यक्ष, मंदिर समिति नवीन ठाकुर ,विद्वान पंडितगण मनोज शर्मा, सुखदेव सेमवाल, विशिष्ट अतिथि डॉ. दीपक (सहयोग रक्षा संगठन, हर्बटपुर), शानू थापा (देहरादून),पोंटा साहिब से अतिथि सत्यनारायण यादव, वीरेंद्र कुमार, समिति सदस्य संजय यादव, लालधर पांडे, विनोद पांडे, संजय सरोज, शैलेंद्र मिश्रा, एस.के. तिवारी, सुनील बत्रा जी, उत्कर्ष, चंदन, ओम प्रकाश आदि।

