PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के संकल्प को दोहराते हुए स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने क्षेत्र की सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के लिए बड़ी सौगात दी है। शुक्रवार को विधायक पुण्डीर ने ग्राम दयानगर और जामुनवाला में ₹480.64 लाख की लागत से होने वाले विभिन्न पुश्ता निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया।
बरसात में कटाव से मिलेगी राहत
इन विकास कार्यों का शिलान्यास होने से क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह देखने को मिला। स्थानीय निवासियों ने विधायक का भव्य स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से इस क्षेत्र में पुश्ता निर्माण की मांग की जा रही थी। इस परियोजना के पूरा होने से मानसून के दौरान होने वाले भूमि कटाव और सुरक्षा संबंधी खतरों से ग्रामीणों को स्थायी राहत मिलेगी।
जनता की प्राथमिकता ही मेरा संकल्प: विधायक
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा कि सहसपुर विधानसभा को आदर्श क्षेत्र बनाना उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने जोर देते हुए कहा ”क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई और सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। जनता के सहयोग और विश्वास से ही क्षेत्र के विकास को नई गति मिल रही है और जनहित के कार्यों का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।”
मौके पर समस्याओं का सुना हाल
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने विधायक को अपनी अन्य स्थानीय समस्याओं और भविष्य की आवश्यकताओं से भी रूबरू कराया। विधायक पुण्डीर ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण हेतु निर्देशित किया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
शिलान्यास समारोह के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे ।
जनप्रतिनिधि: जिला पंचायत सदस्य कंचन, ग्राम प्रधान डॉ. कंचन।
विभागीय अधिकारी: सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता प्रेम लाल नौटियाल, सहायक अभियंता संजीव कुमार, अपर सहायक अभियंता सुमित जगूड़ी और नितिन गर्ग।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने विकास कार्यों की शुरुआत पर हर्ष व्यक्त किया।

