PACHWADUN MEDIA .COM
सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने जनसेवा की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए आज दर्जनों जरूरतमंद परिवारों की आर्थिक मदद की। विधायक ने मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत सहायता राशि के चेक लाभार्थियों को सौंपे, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान लौट आई।
कैंप कार्यालय में हुआ वितरण कार्यक्रम
बुधवार को विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर के कैंप कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गाँवों— सिंघनीवाला, रामगढ़, शेरपुर तथा चकमन्सा से आए निर्धन और बीमार व्यक्तियों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। यह सहायता उन परिवारों को दी गई है जो लंबे समय से गंभीर बीमारियों के इलाज या आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे।
लाभार्थियों ने जताया आभार
चेक प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने भावुक होते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि “महंगाई और बीमारी के इस दौर में यह सहायता राशि हमारे लिए एक बड़ी संजीवनी की तरह है। विधायक जी ने हमारी फाइल पर व्यक्तिगत रुचि लेकर जल्द से जल्द मदद पहुंचाई, इसके लिए हम मुख्यमंत्री और विधायक जी के ऋणी हैं।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष का उद्देश्य ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद करना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा वे क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। भविष्य में भी किसी भी प्रकार की आपदा या व्यक्तिगत समस्या में वे सदैव उपलब्ध रहेंगे। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आर्थिक सहायता मिलने से क्षेत्र के निर्धन परिवारों में खुशी की लहर है और विधायक के इस प्रयास की चौतरफा सराहना हो रही है।

