PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के झिवरहेड़ी स्थित नीलकंठ कॉलोनी में इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्मित नवनिर्मित आंतरिक मार्गों का विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य लोगों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि मजबूत आधारभूत संरचना किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण नींव है। बेहतर सड़क एवं मार्ग व्यवस्था से जहां आवागमन सुगम होता है, वहीं क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलती है। उन्होंने बताया कि नीलकंठ कॉलोनी के निवासी लंबे समय से आंतरिक मार्गों के निर्माण की मांग कर रहे थे, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया है।

विधायक ने कहा कि इन मार्गों के निर्माण से बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूली बच्चों सहित सभी क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी। बरसात में कीचड़ और जलभराव की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलेगी तथा लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और बस्ती तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित आमजन की दैनिक आवश्यकताओं से जुड़े छोटे-बड़े विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
विधायक पुंडीर ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र, संतुलित एवं सतत विकास सुनिश्चित करना उनका संकल्प है। जनहित से जुड़े विकास कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य लंबे समय से क्षेत्र की आवश्यकता था और इसके पूरा होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर उप प्रधान नरेन्द्र सिंह नेगी, नीलकंठ कॉलोनी के अध्यक्ष अवतार सिंह नेगी, संजय भट्ट, उर्मिला रावत, पंकज नौटियाल, संजय सहित ज्येष्ठ-श्रेष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

