PACHWADUN MEDIA.COM
राजधानी देहरादून में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने एटीएम मशीनों के साथ छेड़छाड़ कर और कार्ड बदलकर भोले-भले नागरिकों की गाढ़ी कमाई उड़ाने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना अंकित कुमार और उसकी महिला साथी प्राची सैनी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में एटीएम कार्ड और नकदी बरामद की है।
फेविक्विक और सहायता का झांसा: शातिरों का तरीका-ए-वारदात
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गिरोह के सदस्य पहले एटीएम बूथों में जाकर मशीन के कार्ड रीडर स्लॉट में फेविक्विक (केमिकल) डाल देते थे जिससे मशीन खराब हो जाती थी। जब कोई व्यक्ति पैसे निकालने आता और उसका कार्ड फंस जाता या काम नहीं करता, तो अभियुक्त सहायता करने के बहाने उसके पास पहुँच जाते थे।
मदद के नाम पर शातिर अपराधी व्यक्ति का एटीएम पिन देख लेते थे और मौका पाकर बड़ी चतुराई से उसका असली कार्ड अपने पास रखे किसी फर्जी कार्ड से बदल देते थे। कार्ड बदलते ही ये लोग वहां से फरार हो जाते और पीड़ित के खाते से पैसे निकाल लेते थे।
ऐसे पकड़ में आए शातिर अपराधी
घटना का खुलासा तब हुआ जब 12 अप्रैल 2026 को संदीप सिंह (फ्रेंचाइजी धारक, हिताची एटीएम) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि विकासनगर, हरबर्टपुर, सेलाकुई और रामपुर क्षेत्रों में मशीनों को क्षतिग्रस्त कर धोखाधड़ी की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देश पर विकासनगर पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर 13 अप्रैल को चेकिंग के दौरान समरफील्ड स्कूल के पास से दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी का विवरण
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एटीएम कार्ड: विभिन्न बैंकों के कुल 34 कार्ड, नकदी: धोखाधड़ी से निकाले गए 9,380 रुपये ,वाहन: घटना में प्रयुक्त स्कूटी (संख्या: UP-11-CW-8205) सीज की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
अंकित कुमार (उम्र 26 वर्ष): निवासी शक्ति विहार कॉलोनी, हरिद्वार। (अंकित का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह भगवानपुर थाने से जेल जा चुका है)।
कु० प्राची सैनी (उम्र 22 वर्ष): निवासी दीपनगर, नेहरू कॉलोनी, देहरादून।
पुलिस टीम की सराहना
सफलतापूर्वक कार्रवाई करने वाली टीम में उप-निरीक्षक चंद्रशेखर नौटियाल, कांस्टेबल प्रवीण कुमार, नवीन कुमार, नरेश पंत, ब्रजपाल सिंह और महिला कांस्टेबल पूनम शामिल रहे।
सावधानी की अपील:
पुलिस ने जनता से अपील की है कि एटीएम का प्रयोग करते समय सावधानी बरतें। यदि मशीन में कोई गड़बड़ी दिखे तो किसी अनजान व्यक्ति की सहायता न लें और अपना पिन किसी के साथ साझा न करें।

