PACHWADUN MEDIA.COM
पछवादून क्षेत्र के सेलाकुई में खनन माफियाओं की मनमानी अब स्थानीय निवासियों की जान पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है। नियमों को ताक पर रखकर रिहायशी इलाकों में दौड़ रहे भारी वाहन किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे रहे हैं। इसी गंभीर समस्या को लेकर विधायक प्रतिनिधि और सभासद अनिल नौटियाल के नेतृत्व में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने थाना सेलाकुई पहुँचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों में दहशत
स्थानीय निवासियों का कहना है कि निगम रोड और प्रगति विहार जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सुबह के समय खनन के वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं में इन तेज रफ्तार वाहनों के कारण डर का माहौल है। लोगों का आरोप है कि इन सड़कों पर भारी वाहनों के संचालन का कोई अधिकृत रूट नहीं है, इसके बावजूद खनन माफिया अपनी मनमानी कर रहे हैं।
बड़ी दुर्घटना की आशंका
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को अवगत कराया कि रिहायशी इलाकों की सड़कें संकरी हैं और यहाँ हर समय लोगों की आवाजाही बनी रहती है। भारी वाहनों के अनियंत्रित तरीके से दौड़ने के कारण यहाँ कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन की ओर से रूट निर्धारित होने के बावजूद इन वाहनों का बस्तियों के बीच से गुजरना मिलीभगत और कानून के उल्लंघन की ओर इशारा करता है।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख चेहरे
थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपने के दौरान विधायक प्रतिनिधि अनिल नौटियाल ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही इन वाहनों का प्रवेश आबादी वाले क्षेत्रों में बंद नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर उनके साथ मुख्य रूप से,यशपाल नेगी, शूरवीर सिंह चौहान, प्रकाश भट्ट, यशपाल कैंतूरा शामिल थे ।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना यह होगा कि क्या प्रशासन इन रसूखदार खनन माफियाओं पर लगाम लगा पाता है या स्थानीय जनता इसी तरह डर के साये में जीने को मजबूर रहेगी।

