PACHWADUN MEDIA.COM
राजधानी के लाल पुल के पास आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहाँ एक अनियंत्रित सिटी बस ने सड़क किनारे मौजूद छह लोगों को बुरी तरह रौंद डाला। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
चालक को दौरा पड़ने से हुआ हादसा?
घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। शुरुआती जांच और चश्मदीदों के अनुसार, प्रथमदृष्टया यह बात सामने आ रही है कि चलती बस के चालक को अचानक दौरा पड़ गया था, जिससे वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बस चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
एंबुलेंस देर से पहुची और लगा भारी जाम
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में स्वास्थ्य विभाग और आपातकालीन सेवाओं के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद ‘108 आपातकालीन एंबुलेंस’ मौके पर काफी देर से पहुंची, जिससे घायलों को समय पर इलाज मिलने में देरी हुई।
उधर, हादसे के तुरंत बाद घटना स्थल पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई। आक्रोशित भीड़ और दुर्घटनाग्रस्त वाहन के कारण लाल पुल मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बमुश्किल भीड़ को शांत कराया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल करने के प्रयास में जुट गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

