PACHWADUN MEDIA.COM
महिला तथा बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देहरादून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई करते हुए, पहचान बदलकर एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा करने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के चंगुल से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस को फर्जी व असली आधार कार्ड भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए किया था।
सोशल मीडिया पर दोस्ती और फिर वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विकासनगर निवासी एक महिला ने 22 मई 2026 को कोतवाली विकासनगर में लिखित तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया कि 21 मई 2026 को एक विशेष समुदाय का युवक, मोहम्मद अमन, उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ एक होटल में ले गया। वहाँ आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। होटल में रुकने के लिए आरोपी ने बेहद शातिराना तरीका अपनाया। उसने स्वयं की पहचान छिपाने के लिए दूसरे समुदाय के नाम से बना अपना फर्जी आधार कार्ड इस्तेमाल किया। इसके साथ ही, होटल प्रबंधन को शक न हो और पीड़िता के नाबालिग होने की बात छिपी रहे, इसके लिए उसने पीड़िता की जगह किसी अन्य बालिग लड़की के आधार कार्ड का प्रयोग किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के लिए कोतवाली विकासनगर में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर, 22 मई 2026 को अभियुक्त मोहम्मद अमन को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया कि उसकी पीड़िता से दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। उसने पीड़िता को नई-नई जगह घुमाने का लालच देकर अपने साथ भगाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो आधार कार्ड (एक असली और एक फर्जी) बरामद किए हैं।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने पीड़िता की माँ की तहरीर के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पोक्सो एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) धाराएं: 137(2) [अपहरण], 64(1) [दुष्कर्म], 351(3), 318(4) [धोखाधड़ी/फर्जीवाड़ा], 319(2), और 336(3) , पोक्सो एक्ट (POCSO Act): धारा 3/4 [नाबालिग से यौन उत्पीड़न] मे मामला दर्ज हुआ है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
नाम: मोहम्मद अमन पुत्र अब्दुल वहाब उम्र: 25 वर्ष, निवासी अम्बाड़ी, कोतवाली विकासनगर, जनपद देहरादून
पुलिस टीम
महिला उपनिरीक्षक (म.उ.नि.): दीपा शाह, कांस्टेबल (का.): सुरेन्द्र
कांस्टेबल (का.): पवन बिष्ट
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

