पछवादून मीडिया संवाददाता, जामुनवाला/ सहसपुर
क्षेत्र के विकास को गति देते हुए शुक्रवार को जामुनवाला में बहुप्रतीक्षित मार्ग निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुए इस कार्य से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग के बन जाने से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो जाएगा।

विधायक के प्रयासों को मिली सफलता
यह निर्माण कार्य सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के अथक प्रयासों से स्वीकृत हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग की खस्ताहाल स्थिति के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती थी। ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से पक्की सड़क की मांग की जा रही थी। विधायक पुंडीर ने इस मांग को गंभीरता से लिया और शासन से इसकी स्वीकृति दिलाई। अब इस मार्ग के बनने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
ग्रामीणों ने जताया आभार
शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने विधायक सहदेव सिंह पुंडीर का हृदय से आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि विधायक क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और यह मार्ग उसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह रहे उपस्थित
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य कुमारी कंचन, मेघ सिंह, अशोक, और मोहन सिंह राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामवासियों ने मौके पर मौजूद रहकर निर्माण कार्य के शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

