पछवादून संवाददाता, झाझरा ।
मंगलवार को विधानसभा सहसपुर क्षेत्र के अंतर्गत झाझरा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेशभर में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत एक भव्य बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने सहभागिता करते हुए शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने मौके पर ही आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में त्वरित समाधान भी किया। स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, विद्युत, जल संस्थान सहित अन्य विभागों से संबंधित सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गईं, जिससे बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों को काफी राहत मिली।
इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जनहितैषी सोच का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास दोनों मजबूत हो रहे हैं।
विधायक पुंडीर ने शिविर में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसमस्याओं के निस्तारण में पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि आम जनता को सरकार की योजनाओं का वास्तविक और प्रभावी लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।

