पछवादून संवाददाता,सहसपुर।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहसपुर के मुख्य बाजार में कांग्रेस का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अंकिता भंडारी के नाम पर केवल राजनीति कर रही है और उसे पीड़िता को न्याय दिलाने से कोई सरोकार नहीं है ।

भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस को अंकिता का नाम लेना बंद कर देना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस को सिर्फ राजनीतिक लाभ की चिंता सता रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार और जांच एजेंसियां पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ कार्य कर रही हैं। इसके बावजूद कांग्रेस लगातार इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा का कहना था कि कांग्रेस अपने बयानों और आंदोलनों के माध्यम से मृतका की आत्मा को ठेस पहुंचाने का कार्य कर रही है। नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी हार अभी से नजर आने लगी है, इसी डर से जनता का ध्यान भटकाने के लिए प्रदेश की बेटी के मामले पर घटिया राजनीति की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश महामंत्री विनोद लक्खा ने कहा कि भाजपा सरकार न्याय के लिए प्रतिबद्ध है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जिला उपाध्यक्ष नवीन रावत और जिला मंत्री यशपाल नेगी ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता कांग्रेस की सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले समय में उसे इसका जवाब मिलेगा।
इस मौके पर जिला मंत्री प्रमोद कुमार, मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ तोमर, महामंत्री गजेन्द्र सिंह रावत, पंकज महावर, ऋषि डंगे, नीलम, बीना, कमला, दीक्षा, संदीप अंतिल, दीपक कश्यप सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

