पछवादून मीडिया संवाददात ।
जवाहर लाल नेहरू जिला अस्पताल, रुद्रपुर से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक आवारा कुत्ता मरीजों के लिए आरक्षित बेड पर आराम फरमाता हुआ दिखाई दिया। यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद एक मरीज के स्वजन ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बताया जा रहा है कि इमरजेंसी कक्ष जैसे संवेदनशील और अति आवश्यक उपचार क्षेत्र में आवारा कुत्ते की मौजूदगी से मरीजों और उनके तीमारदारों में भय व आक्रोश फैल गया। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कुत्ता बेड पर लेटा हुआ है और आसपास मरीजों की आवाजाही जारी है, जबकि अस्पताल स्टाफ की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थिति बिगड़ती देख मरीजों के तीमारदारों ने स्वयं पहल करते हुए आवारा कुत्ते को इमरजेंसी कक्ष से बाहर निकाला। इसके बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए।
अस्पताल प्रशासन की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि यह घटना गंभीर लापरवाही का परिणाम है। इमरजेंसी कक्ष में इस प्रकार की स्थिति किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों व सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक के लिए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।
इस घटना के बाद जिला अस्पताल की साफ-सफाई, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं वायरल वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली की पोल खोल कर रख दी है।

