धर्मावाला में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटना का सहसपुर पुलिस ने किया खुलासा, करीब 49 हजार रुपये का सामान बरामद
PACHWADUN MEDIA.COM
धर्मावाला क्षेत्र में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने की घटना का उत्तराखंड पुलिस की सहसपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की नकदी समेत करीब 49 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को प्रतीतपुर धर्मावाला निवासी आदित्य सैनी ने कोतवाली सहसपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने रात के समय उनकी तथा धर्मावाला निवासी नानक सिंह की दुकानों के ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया। मामले में पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 185/2026, धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक सहसपुर ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, पूर्व में चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके आरोपियों का सत्यापन किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 31 जुलाई 2026 को तिमली धर्मावाला से मुस्तकीम पुत्र मौ0 पीरू, निवासी ग्राम धर्मावाला, थाना सहसपुर, उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में चोरी किया गया सामान बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3,125 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा दुकान से चोरी किया गया परचून का सामान, जिसमें बीड़ी, सिगरेट, काजू, बादाम के पैकेट, तेल की शीशियां, तिरपाल, चाबी और चैन आदि शामिल हैं, जिसकी अनुमानित कीमत 30,500 रुपये बताई गई है। वहीं हार्डवेयर का सामान, जिसमें आरी मय ब्लेड, जाली कटर, पीलास, पान्ना चाबी और पेंचकस आदि शामिल हैं, जिसकी अनुमानित कीमत 15,500 रुपये है, भी बरामद किया गया। इस प्रकार पुलिस ने आरोपी से कुल करीब 49,125 रुपये मूल्य की नकदी व चोरी का सामान बरामद किया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुस्तकीम के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में चोरी, लूट तथा अवैध हथियार से संबंधित पूर्व में चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मु0अ0सं0 89/2021 धारा 380/411 भादवि, मु0अ0सं0 505/2021 धारा 394/411 भादवि, मु0अ0सं0 506/2021 धारा 25/4 भादवि तथा मु0अ0सं0 44/2021 धारा 457/380/411 भादवि शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, चौकी प्रभारी धर्मावाला, कांस्टेबल अजीत सिंह, कांस्टेबल कुलदीप सिंह और कांस्टेबल सुरेश रावत शामिल रहे।

