PACHWADUN MEDIA.COM
ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने जिला बदर किए गए एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को समय से पहले जनपद की सीमा में प्रवेश करने पर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली विकासनगर पुलिस को सूचना मिली कि जिला बदर किया गया अभियुक्त आसिफ पुत्र राशिद निवासी मुस्लिम बस्ती, विकासनगर, समय से पूर्व जनपद की सीमा में प्रवेश कर चोरी की नीयत से सिनेमा गली क्षेत्र में घूम रहा है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मंगलवार रात लगभग 9 बजे सिनेमा गली, विकासनगर से अभियुक्त आसिफ (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि जिला मजिस्ट्रेट देहरादून के आदेश पर 4 मई 2026 को उसे छह माह के लिए जनपद की सीमा से निष्कासित किया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही वह दोबारा विकासनगर पहुंच गया।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली विकासनगर में मुकदमा संख्या 224/2026 धारा 3(1)/10 उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम 1970 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से ही हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं और वह विभिन्न मामलों में जमानत पर चल रहा था।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं तथा कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह शामिल रहे।

