पछवादून मीडिया ।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुरधार में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर लगभग 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ लोगों की दर्दनाक मौत की सूचना है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि बस के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण सड़क पर फिसलन थी, जिससे बस चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस खाई में गिर गई। हालांकि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है।
घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। जिला प्रशासन ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
फिलहाल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है और किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त टीमें भी तैनात की गई हैं।

