PACHWADUN MEDIA .COM
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेलाकुई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने सहभागिता करते हुए माताओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और क्षेत्रवासियों से संवाद किया। इस दौरान पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं तक आवश्यक सेवाएं एवं पोषण संबंधी जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म में विधायक ने सहभागिता की। इसके साथ ही पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव स्वस्थ माताओं एवं बच्चों से मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा और सहयोग पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुखदेव फरसवाण, पार्षद किरण पंवार, आंगनबाड़ी कार्यकत्री मनीषा खड्गा, सहायिका साधना सहित आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकत्रियां और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

