PACHWADUN MEDIA.COM
पछवादून क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं को एक बार फिर भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ढकरानी विद्युत उत्पादन केन्द्र (पावर हाउस) में अचानक मुख्य केबल जल जाने के कारण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इस हादसे की वजह से सहसपुर-रुद्रपुर फीडर पूरी तरह ठप्प हो गया है, जिससे क्षेत्र के कई गाँव पूरी तरह अंधेरे में डूब गए हैं।
दर्जनों गाँवों में ब्लैकआउट, उपभोक्ता बेहाल
विद्युत उत्पादन केंद्र में केबल जलने का सीधा असर पछवादून के ग्रामीण इलाकों पर पड़ा है। सहसपुर और रुद्रपुर फीडर से जुड़े दर्जनों गाँवों की बत्ती गुल हो गई है। भीषण गर्मी और उमस के बीच अचानक हुए इस ‘ब्लैकआउट’ के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गयी है।
युद्धस्तर पर चल रहा है मरम्मत का कार्य
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के आला अधिकारी और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुँच गई। विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित फीडर को बंद कर दिया और जली हुई केबल को बदलने तथा मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। तकनीकी कर्मचारियों की टीम फॉल्ट को ठीक करने में जुटी हुई है।
आपूर्ति सुचारू होने में लगेगा समय: विभाग
विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, केबल काफी बुरी तरह झुलसी है, जिसके कारण नुकसान बड़ा है। विभाग का कहना है कि”तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है, लेकिन नुकसान को देखते हुए विद्युत आपूर्ति को पूरी तरह सुचारू होने में अभी कुछ और समय लग सकता है। विभाग की कोशिश है कि जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा कर प्रभावित गाँवों में बिजली बहाल की जा सके।”
विभाग ने स्थानीय जनता से धैर्य बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल, क्षेत्र के हजारों ग्रामीण अंधेरे में वक्त काटने को मजबूर हैं।

