पछवादून मीडिया संवाददाता,सहसपुर ।
सहसपुर स्थित टीचर्स कॉलोनी में श्रद्धा और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। यहाँ स्थित श्री कृष्ण सेम नागराज एवं नर्वदेश्वर मंदिर की स्थापना के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर आयोजित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
हवन और पूर्ण आहुति के साथ मंगल कामना
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। विद्वान पुरोहितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य हवन का आयोजन किया गया। यज्ञ में आहुति देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति के लिए प्रार्थना की। हवन के समापन पर आयोजित पूर्ण आहुति में सभी भक्तों ने सम्मिलित होकर धर्म लाभ उठाया।

विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस प्रसाद वितरण कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवादारों ने दिनभर उत्साहपूर्वक व्यवस्थाएं संभालीं, जिससे उत्सव का स्वरूप और भी भव्य हो गया।
सुंदरकांड और भजनों पर थिरके श्रद्धालु
दिनभर के कार्यक्रमों के बाद देर शाम को सुंदरकांड का पाठ किया गया, जिसकी चौपाइयों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इसके पश्चात आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। भजन संध्या में स्थानीय महिलाओं ने विशेष उत्साह दिखाया। सुमधुर भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु स्वयं को रोक नहीं पाए और भक्ति में लीन होकर जमकर नृत्य किया।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
इस पावन अवसर पर मंदिर के पुजारी पंडित सुखदेव सेमवाल और पंडित मनोज शर्मा के मार्गदर्शन में सभी कार्य संपन्न हुए। आयोजन को सफल बनाने में पंडित उत्कर्ष शर्मा,पंडित सोमेश सेमवाल,फूल सिंह,शेखर मित्तल,ऋषि कुंज आदि का विशेष सहयोग रहा ।
श्रद्धालुओं के अनुसार, यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है और स्थापना के तीन वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित यह उत्सव आपसी सौहार्द और भक्ति का प्रतीक रहा।
आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक रविवार को श्री सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा । साथ ही भजन संध्या का भी आयोजन होगा ।


