पछवादून संवाददाता, सहसपुर।
कोतवाली सहसपुर क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर गांव में खाली प्लॉट में धूप सेकने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष की कपड़ों की दुकान में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर छह नामजद और दस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंतजार निवासी शंकरपुर, हुकुमतपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शंकरपुर में नारायण बंसल के यहां प्लॉटिंग का कार्य चल रहा है। इस कार्य को उनके ताऊ का लड़का जुनैद देख रहा था। आरोप है कि इसी दौरान मौके पर पहुंचे नौ लोगों ने, जिनमें सन्नी, अनुज और अंकित शामिल बताए गए हैं, जुनैद पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में जुनैद को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से शंकरपुर निवासी अनुज सुयाल ने पुलिस को बताया कि उक्त खाली प्लॉट के सामने उसकी कपड़ों की दुकान है। उसके अनुसार प्लॉट में उसके दोस्त आदित्य और वंश धूप सेक रहे थे। तभी वहां पहुंचे जुनैद ने बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथापाई कर वहां से चला गया। आरोप है कि कुछ समय बाद जुनैद अपने साथ सलीम, मुस्तकीम सहित आठ-दस अन्य लोगों को लेकर वापस आया और उसकी कपड़ों की दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। दुकान में रखा सामान बाहर फेंक दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली सहसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर छह नामजद और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि पुलिस एहतियातन इलाके में नजर बनाए हुए

