पछवादून मीडिया संवाददाता, 04 फरवरी 2026।
नशे पर सख्ती के तहत दून पुलिस ने औषधि विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए सेलाकुई स्थित फार्मा सिटी की विभिन्न दवा निर्माण कंपनियों में औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, दवाओं की गुणवत्ता की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल अंकुश लगाना रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों के क्रम में सभी थाना क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा औषधि विभाग से समन्वय बनाकर फार्मास्युटिकल कंपनियों व मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 04/02/2026 को थाना सेलाकुई पुलिस ने औषधि विभाग की टीम के साथ फार्मा सिटी में स्थापित कंपनियों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान औषधि विभाग द्वारा दवाओं की गुणवत्ता की गहन जांच की गई। संदिग्धता के आधार पर कुछ दवाइयों के सैंपल उठाए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। पुलिस और औषधि विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट में यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्धता पाई जाती है, तो संबंधित कंपनी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस संयुक्त कार्रवाई से दवा उद्योग में गुणवत्ता मानकों के पालन को लेकर सख्त संदेश गया है। दून पुलिस ने दोहराया कि नशे के नेटवर्क को तोड़ने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण और समन्वित अभियान जारी रहेंगे।
पुलिस टीम:
उ0नि0 पी0डी0 भट्ट, थानाध्यक्ष सेलाकुई
व0उ0नि0 जितेंद्र कुमार
उ0निरी0 संतोष बिष्ट (अभिसूचना इकाई)
हे0कां0 महेंद्र
औषधि विभाग टीम:
श्री मनिंदर सिंह राणा, औषधि निरीक्षक
दून पुलिस की इस कार्रवाई को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे नशीली और घटिया दवाओं की आपूर्ति पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित हो सकेगा।

