पछवादून मीडिया संवाददाता, सेलाकुई ।
महिला अपराधों के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए दून पुलिस ने एक गुमशुदा महिला को सकुशल तलाश कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया। दून पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 28 दिसंबर 2025 को थाना सेलाकुई क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी के घर से बिना बताए चले जाने के संबंध में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मामला संज्ञान में आते ही वर्तमान में संचालित अभियानों के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई में तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम द्वारा गुमशुदा महिला के घर और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की गई। साथ ही महिला के परिचितों व रिश्तेदारों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गईं। निरंतर प्रयासों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने गुमशुदा महिला को जनपद पीलीभीत, उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के पश्चात महिला को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपनी परिजन को सकुशल वापस पाकर परिवारजन भावुक हो उठे और उन्होंने दून पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और कार्यशैली की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी/कर्मचारी :
अपर उप निरीक्षक मनोज कुमार
कांस्टेबल फरमान
दून पुलिस की यह कार्रवाई महिला सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाती है।

