पछवादून संवाददाता, सेलाकुई ।
सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में हुई चोरी की एक बड़ी घटना का दून पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए घटना में शामिल नाबालिग अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया तांबे का तार, एल्यूमिनियम तथा बिजली से संबंधित अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।
थाना पुलिस के अनुसार, दिनांक 11 दिसंबर 2025 को वादी शैलेश कुमार पुत्र मोहन स्वरूप, निवासी सन केयर फार्मास्यूटिकल, सेलाकुई, देहरादून द्वारा थाना सेलाकुई में प्रार्थना पत्र दिया गया था। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोरों द्वारा उनकी कंपनी परिसर से तांबे के तार, एल्यूमिनियम का सामान, बिजली के उपकरण एवं अन्य सामग्री चोरी कर ली गई है। तहरीर के आधार पर थाना सेलाकुई में तत्काल संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले के शीघ्र खुलासे एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश थाना अध्यक्ष सेलाकुई को दिए। निर्देशों के क्रम में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की। साथ ही सुरागरसी-पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
पुलिस के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप मुखबिर से प्राप्त सूचना पर दिनांक 28 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्तों को चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्त नाबालिग हैं, जिन्हें विधि विवादित किशोर/बालक की श्रेणी में रखा गया है। नियमानुसार सभी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और अपराधियों में कानून का भय बनेगा।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम:
उप निरीक्षक सुमेर सिंह
महिला उप निरीक्षक मीना रावत
कांस्टेबल सोहन
महिला कांस्टेबल रजनी
महिला कांस्टेबल रणजीत कौर
महिला पीआरडी उषा
दून पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की स्थानीय उद्योग प्रबंधन एवं क्षेत्रवासियों ने सराहना की है।

