पछवादून संवाददाता, वाराणासी ।
भीषण शीत लहर और घने कोहरे के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए वाराणसी जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा निर्णय लिया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनुराग श्रीवास्तव ने आदेश जारी करते हुए जनपद के सभी स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक की पढ़ाई 29 और 30 दिसंबर तक पूर्ण रूप से बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय कड़ाके की ठंड, कम दृश्यता और लगातार बिगड़ते मौसम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्देश केवल यूपी बोर्ड ही नहीं, बल्कि सीबीएसई और सीआईएससीई बोर्ड से संबद्ध सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों पर भी समान रूप से लागू होगा।
बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि स्कूलों को आदेश का सख्ती से अनुपालन करना अनिवार्य होगा। किसी भी विद्यालय द्वारा आदेश की अनदेखी किए जाने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को ठंड और कोहरे से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
गौरतलब है कि बीते कई दिनों से वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई जिलों में शीत लहर का असर बना हुआ है। सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय अभिभावकों और शिक्षकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है।

