पछवादून मीडिया संवाददाता,ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एम्स (AIIMS) ऋषिकेश में कार्यरत एक महिला अटेंडेंट की उनके ही किराये के मकान में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है।
दरवाजा खुलते ही मारी गोली
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है। 35 वर्षीय मृतका प्रीति रावत, शिवाजी नगर स्थित अपने किराये के मकान में मौजूद थी। उनका मकान एम्स के ठीक पीछे एक एकांत स्थान पर स्थित है। बताया जा रहा है कि रात के वक्त एक अज्ञात युवक ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही प्रीति ने दरवाजा खोला, युवक ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे महिला के सीने में जा लगी।
पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां प्रीति खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं। पड़ोसियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल महिला को तुरंत एम्स ऋषिकेश पहुँचाया, जहाँ जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यमकेश्वर की रहने वाली थी प्रीति
मृतका के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रीति मूल रूप से यमकेश्वर की रहने वाली थीं और ऋषिकेश एम्स में बतौर अटेंडेंट काम करती थीं। वह तलाकशुदा थीं और उनका एक आठ साल का बेटा है, जो गाँव में अपने नाना के साथ रहता है। ऋषिकेश में वह अकेली रह रही थीं।
आरोपी की तलाश तेज
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू (एंगल) से मामले की जांच कर रही है। संदिग्ध की धरपकड़ के लिए इलाके में छापेमारी शुरू कर दी गई है।

