पछवादून मीडिया संवाददाता,सहसपुर ।
कोतवाली सहसपुर पुलिस ने रामपुर मार्ग पर सड़क पर सार्वजनिक रूप से हंगामा करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

मीडिया सेल कोतवाली सहसपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि रामपुर रोड पर एक व्यक्ति किसी बात को लेकर बीच सड़क पर झगड़ा कर रहा है तथा जोर-जोर से हंगामा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचकर संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह समझाने के बावजूद शांत नहीं हुआ। आरोप है कि युवक ने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और हिंसक व्यवहार पर उतारू हो गया। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा संभावित संज्ञेय अपराध को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान विशाल पुत्र अनिल, निवासी कालागढ़ वर्कचार्ज कॉलोनी, पौड़ी गढ़वाल (हाल निवासी चोई बस्ती, सहसपुर, देहरादून), उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा आरोपी को नियमानुसार संबंधित न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
सहसपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था भंग करने या विवाद की स्थिति उत्पन्न करने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें।

