पछवादून मीडिया संवाददाता,देहरादून ।
मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी (DM) सविन बंसल ने आदेश जारी करते हुए जनपद के सभी स्कूलों में 24 जनवरी 2026 (शनिवार) को अवकाश घोषित कर दिया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने 24 जनवरी के लिए मौसम का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र बारिश के दौर की संभावना है। इसके अलावा, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी भी हो सकती है।
यह आदेश जिले के कक्षा 1 से 12 तक के समस्त शासकीय, गैर-शासकीय (एडेड) और निजी स्कूलों पर लागू होगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी कल बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि खराब मौसम के कारण संवेदनशील स्थलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। छात्रों की सुरक्षा (आपदा न्यूनीकरण) को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्तर से सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का पालन सुनिश्चित करवाएं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर पहाड़ी और संवेदनशील रास्तों पर सावधानी बरतें।

