पछवादून संवाददाता,विकासनगर (देहरादून)।
कोतवाली विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर कल्याणपुर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक पीडब्ल्यूडी कर्मचारी ने आम के बगीचे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 2 जनवरी 2026 की रात्रि लगभग 10:58 बजे शाहपुर कल्याणपुर क्षेत्र से पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने शिमला बायपास के समीप आम के बगीचे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर चौकी इंचार्ज हरबर्टपुर, चीता पुलिसकर्मी एवं रात्रि अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां आम के बगीचे में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित थे। पुलिस ने देखा कि एक व्यक्ति नायलॉन की रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा गया।
मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में मृतक की पहचान किशनलाल पुत्र स्वर्गीय श्री नारायण सिंह, निवासी शाहपुर कल्याणपुर, उम्र लगभग 55 वर्ष के रूप में हुई। बताया गया कि मृतक वर्तमान में पीडब्ल्यूडी सैया में फोर्थ क्लास कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। रात्रि अधिक होने के कारण पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी विकासनगर में सुरक्षित रखवाया।
आज दिनांक 3 जनवरी 2026 को पुलिस द्वारा पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूर्ण कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के परिवार में दो बेटियां एवं एक बेटा है, जिनमें बेटा एनपीसीएल में कार्यरत है। मृतक अपनी पत्नी एवं दो बेटियों के साथ रह रहा था।
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

