पछवादून मीडिया संवाददाता ।
जनपद देहरादून के विकासखण्ड सहसपुर अंतर्गत नून नदी के दायें तट पर स्थित ग्राम दयानगर एवं जामुनवाला के खेल मैदानों की बाढ़ सुरक्षा के लिए पुस्ता (रिटेनिंग वॉल) स्वीकृत होने पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। वर्षों से बरसात के दौरान बाढ़ और कटाव की आशंका से जूझ रहे ग्रामीणों को इस निर्णय से बड़ी राहत मिली है।

क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के प्रयासों से स्वीकृत इस निर्माण कार्य को स्थानीय लोग ऐतिहासिक कदम मान रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष वर्षा ऋतु में नून नदी का जलस्तर बढ़ने से खेल मैदानों में जलभराव और कटाव की स्थिति बन जाती थी, जिससे न केवल खेल गतिविधियाँ प्रभावित होती थीं, बल्कि आसपास की आबादी भी खतरे में रहती थी। अब पुस्ता निर्माण से मैदान सुरक्षित रहेंगे और गांव की आधारभूत संरचना को भी मजबूती मिलेगी।
स्थानीय युवाओं ने बताया कि दयानगर और जामुनवाला के खेल मैदान क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के अभ्यास का प्रमुख केंद्र हैं। बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था होने से खेल गतिविधियाँ निर्बाध रूप से संचालित हो सकेंगी और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय गांव के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मेघ सिंह, कैप्टेन परमवीर, सुरेंद्र सामंत, अभय सिंह, परिणिता थापा, संदीप धनई सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने विश्वास जताया कि सहसपुर क्षेत्र में विकास कार्य इसी प्रकार गति पकड़ते रहेंगे और जनहित के मुद्दों का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।

