पछवादून मीडिया संवाददाता,विकासनगर ।
क्षेत्र के चर्चित मनीषा हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी और मृतका के चचेरे भाई सुरेन्द्र उर्फ माडू पर पुलिस का शिकंजा और कसता जा रहा है। विकासनगर पुलिस ने आरोपी के घर पर मुनादी कराकर उद्घोषणा वारंट चस्पा किया। पुलिस ने आरोपी को एक माह के भीतर न्यायालय या थाने में आत्मसमर्पण करने की सख्त चेतावनी दी है।
बेरहमी से की गई थी हत्या ।
मामला 25 फरवरी का है, जब बोक्सा बस्ती, ढालीपुर निवासी 18 वर्षीय मनीषा अपने चचेरे भाई सुरेन्द्र उर्फ माडू के साथ दवा लेने विकासनगर गई थी। देर शाम तक जब मनीषा घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान मनीषा का शव घर से कुछ ही दूरी पर झाड़ियों में बरामद हुआ था।
हत्यारे ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी थीं ।
मृत्का का चेहरा पत्थरों से बुरी तरह कुचला गया था। तथा उंगलियां भी काटी गई थीं। घटना के बाद से ही आरोपी सुरेन्द्र फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस की कार्रवाई और ईनाम की घोषणा ।
आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस द्वारा की गई हालिया कार्रवाई ।
इनाम घोषित : आरोपी की सूचना देने वाले के लिए पुलिस ने पहले ही 25,000 रुपये का ईनाम घोषित कर रखा है।
मुनादी: न्यायालय से उद्घोषणा वारंट प्राप्त करने के बाद, पुलिस टीम ने ढोल-नगाड़ों के साथ आरोपी के घर पहुँचकर मुनादी कराई।
नोटिस चस्पा: आरोपी के घर पर आधिकारिक नोटिस चस्पा किया गया है।
अंतिम चेतावनी: यदि सुरेन्द्र एक माह के भीतर उपस्थित नहीं होता है, तो पुलिस उसकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई शुरू करेगी।
पुलिस का कहना है कि “मनीषा हत्याकांड के आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें सक्रिय हैं। न्यायालय के आदेशानुसार मुनादी की कार्रवाई की गई है। यदि वह निर्धारित समय में सरेंडर नहीं करता है, तो अगली कड़ी में संपत्ति कुर्क की जाएगी।”

