पछवादून मीडिय संवाददाता, विकासनगर
थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हरबर्टपुर स्थित बहुउद्देशीय किसान सेवा समिति के कार्यालय में हुई चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो शातिर चोरों को चोरी के लैपटॉप और घटना में प्रयुक्त औजारों के साथ गिरफ्तार किया है।

क्या था मामला?
बीती 21 फरवरी 2026 की रात को अज्ञात चोरों ने हरबर्टपुर स्थित बहुउद्देशीय किसान सेवा समिति लिमिटेड के कार्यालय का शटर तोड़कर भीतर रखा कीमती लैपटॉप चोरी कर लिया था। अगले दिन कार्यालय के लिपिक बलवंत नेगी ने इस संबंध में कोतवाली विकासनगर में तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल धारा 305(e) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम से भी साक्ष्य एकत्र करवाए गए।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून और अन्य उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विकासनगर ने एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पुराने अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया
आज मुखबिर की सूचना पर शाम करीब 4:40 बजे पुलिस ने बी.डी.एम. स्कूल के पास खंडहर से दो संदिग्धों को घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी किया गया लेनोवो कंपनी का लैपटॉप (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) और शटर तोड़ने में इस्तेमाल किया गया ‘आलानकब’ बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
दानिश (22 वर्ष): पुत्र शहनवाज, निवासी आसनबाग, हरबर्टपुर। (दानिश का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है)।
शहनवाज उर्फ नाजू (23 वर्ष): पुत्र मो. अय्यूब, निवासी वार्ड नं. 04, आसनबाग, हरबर्टपुर।
नशे की लत ने बनाया अपराधी
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे नशे के आदी हैं। अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए वे बंद घरों, दुकानों और सरकारी कार्यालयों को निशाना बनाते थे। चोरी के सामान को बेचकर जो पैसा मिलता था, उससे वे नशा खरीदते थे।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम में चौकी प्रभारी हरबर्टपुर सनोज कुमार, उप-निरीक्षक जावेद हसन, कांस्टेबल सौरभ सैनी, अनिल सालार और नवीन कोहली शामिल रहे। पुलिस अब अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्यवाही कर रही है।

