पछवादून मीडिया, संवाददाता ।
उतराखण्ड माध्यमिक शिक्षा परिषद (UBSE) द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में प्रदेशभर से दो लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शिक्षा परिषद ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों की सूची, केंद्राध्यक्षों की नियुक्ति तथा उड़नदस्तों का गठन किया जा चुका है।
परिषद द्वारा परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके लिए स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है।
उत्तराखण्ड माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधिकारियों के अनुसार प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की भी योजना तैयार कर ली गई है, ताकि परिणाम समय पर घोषित किए जा सकें।
बोर्ड ने छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे परीक्षा की तैयारी पूरी लगन से करें और परीक्षा के दौरान परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। शिक्षा परिषद का दावा है कि इस बार भी बोर्ड परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएंगी।

